HomeHaryana Newsगरीबों को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही भाजपा सरकार :...

गरीबों को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही भाजपा सरकार : मुख्यमंत्री नायब सैनी

करनाल (रविन्द्र मलिक) : प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं करनाल विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी सरकार ने जिसने देश व प्रदेश में श्रमिकों की भलाई के लिए कार्य किया है। मोदी जी ने गरीबों के लिए जो योजनाएं चलाई विपक्ष के पेट में उसके लिए भी दर्द है। कांग्रेस जैसी पार्टियां खुद तो श्रमिकों और गरीबों के लिए कुछ नहीं कर पाई। पिछले 10 वर्षो में प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। भाजपा सरकार गरीब की मजबूती के लिए काम करने वाली सरकार है।

गरीबों को कैसे मजबूत किया जाए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लिए काम करते रहते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करनाल की नई अनाज मंडी में राष्ट्रीय कामगार संघ की ओर से आयोजित श्रमिक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसके अलावा भी मुख्यमंत्री ने करनाल में आयोजित कई कार्यक्रमों में शिरकत की। उन्होंने करनाल लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल और विधानसभा उप चुनाव में भाजपा के लिए वोट की अपील की। श्रमिकों ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का वादा किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष ने केवल श्रमिकों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। कांग्रेस ने न तो श्रमिकों के बारे में आज तक सोचा और न ही कोई योजना बनाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के बारे में सोचा और उनकी भलाई के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश व प्रदेश में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों को लाभ पहुंचाया।

हरियाणा प्रदेश के श्रमिकों को कोई दिक्कत न आए इसके लिए काम किया। मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए श्रमिकों की बात सुनी और उनकी समस्याओं का समाधान भी किया। सीएम ने कहा कि श्रमिकों को भविष्य में भी कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी सरकार उनके साथ खड़ी है और खड़ी रहेगी। उन्होंने आह्वान किया कि करनाल लोकसभा चुनाव में मनोहर लाल और करनाल विधानसभा उप चुनाव में भाजपा का साथ दें ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ता रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, निवर्तमान मेयर रेनूबाला गुप्ता, भाजपा नेता जगमोहन आनंद, संजय बठला, संघ के अध्यक्ष जंग बहादुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, ओमप्राकश, रोहताश जांगडा, श्याम लाल, पूनम ठाकुर सहित सभी पदाधिकारी मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments