नई दिल्ली । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार शाम को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से उनके आवास पर मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रक्रिया शुरू करने और इससे जुड़े प्रस्ताव के तमाम पहलुओं पर चर्चा हुई। हालांकि इस मुलाकात में क्या बातचीत हुई इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया बावजूद इसके अटकलें लगाई जा रही हैं कि सरकार महाभियोग की दिशा में आगे बढ़ रही है। सूत्रों का कहना है कि बिरला के साथ शाह की बैठक में लोकसभा में चल रहे गतिरोध को खत्म करने के लिए क्या कुछ किया जा सकता है, इस पर बात हुई।
ज्ञात हो कि सोमवार को संसद परिसर स्थित लोकसभा अध्यक्ष बिरला के कार्यालय में सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों की एक बैठक हुई थी। इस दौरान संसद में प्रस्ताव पेश करने से जुड़े कानूनी पहलुओं और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की गई। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी कि प्रस्ताव पर 152 सांसदों के हस्ताक्षर हैं, जो विभिन्न दलों से आते हैं। गौरतलब है कि जस्टिस वर्मा पिछले दिनों उस वक्त चर्चा में आये थे जब उनके सरकारी आवास में नकदी में आग लगने की घटना सामने आई थी। इसके बाद वे भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे थे। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट से उनका तबादला इलाहाबाद हाईकोर्ट कर दिया गया था।

