यमुनानगर : कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे श्रद्धालुओं के साथ मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यमुनानगर के गुमथला गांव में एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी, जिसमें 14 से 15 कांवडिय़े सवार थे, हाई वोल्टेज तारों की चपेट में आ गई। इस हादसे में दो कांवडिय़ों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान हरीश और कुलदीप के रूप में हुई है, जो दोनों गुमथला गांव के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, दोनों आज सुबह ही घर से पूरी श्रद्धा के साथ हरिद्वार के लिए निकले थे, लेकिन किसे पता था कि यह उनकी आखिरी यात्रा होगी।
हादसे के बाद पूरे गांव और श्रद्धालु समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।स्थानीय लोगों ने बताया कि गुमथला रोड पर कई जगहों पर हाई वोल्टेज तार काफी नीचे झुके हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस बारे में पहले भी बिजली विभाग को कई बार शिकायत दी थी, लेकिन न तो तार ऊंचे किए गए और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई। उनका कहना है कि यदि विभाग समय रहते एक्शन लेता तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। सूचना मिलते ही डीएसपी रादौर आशीष चौधरी ओर जठलाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी राजिंद्र सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन पर सवार कांवडिय़े हरिद्वार जा रहे थे, तभी हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गए।
हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी। वहीं, बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। इस दर्दनाक हादसे ने प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

