HomeNational Newsकिसान आंदोलन : चेकिंग के बाद दिल्ली में मिल रही एंट्री,UP की...

किसान आंदोलन : चेकिंग के बाद दिल्ली में मिल रही एंट्री,UP की सीमा पर लगा लंबा जाम

नई दिल्ली। फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर कानून बनाने सहित कई मांगों को लेकर किसान आज मंगलवार को पंजाब-हरियाणा से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। ऐसे में किसानों की दिल्ली में एंट्री रोकने और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसी कड़ी में दिल्ली की सीमाएं सील कर दी गई हैं और कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। ट्रैफिक प्रतिबंधों के चलते दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद सहित एनसीआर के शहरों में लोगों को जाम की स्थिति से जूझना पड़ रहा है। दिल्ली यातायात पुलिस ने इसके मद्देनजर यात्रियों के लिए यातायात सलाह जारी की है। ट्रैफिक प्रतिबंधों के चलते दिल्ली-एनसीआर में लोगों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। कई रास्तों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आ रहे हैं।

किसानों के दिल्ली कूच के चलते गाजीपुर बॉर्डर पर सर्विस लेन बंद है। एनएच-नौ व दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे खुला हुआ है। यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। दिल्ली पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात है। यमुनापार से नई दिल्ली को जोड़ने वाली सड़के विकास मार्ग, गीता कालोनी, शाहदरा जीटी रोड व वज़ीराबाद रोड पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है किसानों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। किसानों के दिल्ली कूच को लेकर टीकरी बॉर्डर को अभी सील नहीं किया गया है। दिल्ली से हरियाणा के बहादुरगढ़ व बहादुरगढ़ से दिल्ली की ओर वाहनों का आवागमन हो रहा है।कंटेनर में मिट्टी डालकर, लोहे के बैरिकेड पर कंटीली तार लगाकर व सीमेंट के बैरिकेड को सड़क किनारे रखा गया है।पुलिस ने तंबू गाड़ दिए हैं, आज महिला पुलिस कर्मियों को भी तैनात कर दिया गया है।कल पुलिस आयुक्त भी टीकरी बार्डर का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

किसान संगठनों के दिल्ली कूच के चलते पलवल पुलिस अलर्ट है। पुलिस की आमजन से अपील अनावश्यक रुप से चंडीगढ़ व दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने से बचे। जरूरी होने पर आम नागरिकों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए पलवल पुलिस द्वारा रूट डायवर्ट किया गया है। उत्तर प्रदेश/होडल/पलवल से दिल्ली-चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालको को सलाह दी गई है कि वे या तो कुंडली मानेसर एक्सप्रेसवे(केएमपी) या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे( कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) मार्ग का प्रयोग करते हुए चंडीगढ़ पंचकुला जाए। किसी भी असहज परिस्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें।

सरकार के साथ हुई बैठक में नहीं बनी सहमति – बीती रात चंडीगढ़ में साढ़े 5 घंटे चली मीटिंग में किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी कानून और कर्ज माफी पर सहमति नहीं बन पाई। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि बातचीत के जरिए सब बातों का हल निकलना चाहिए। कुछ ऐसे मामले हैं, जिन्हें सुलझाने के लिए कमेटी बनाने की जरूरत है। आंदोलन को देखते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के बॉर्डर सील हैं। दिल्ली में कड़ी बैरिकेडिंग की गई है। एक महीने के लिए धारा 144 भी लागू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments