HomeNational Newsकांग्रेस ने देश को खोखला किया - PM मोदी

कांग्रेस ने देश को खोखला किया – PM मोदी

जालोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिस पार्टी ने कभी 400 सीटें जीती थीं, आज वो 300 सीट पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है। आज कांग्रेस की हालत ये है कि उन्हें उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। इन्होंने अवसरवादी इंडी अलायंस बना लिया है। उसकी पतंग उडऩे से पहले कट गई है। कहने को तो गठबंधन है, लेकिन अब हालत देखिए। कई राज्य हैं, जहां ये गठबंधन वाले ही आपस में लड़ रहे हैं। कांग्रेस के इतने हाल खराब है भाइयों। अब देखिए कांग्रेस ने देश पर 60 साल तक राज किया। इसी कांग्रेस ने हमारी माताओं-बहनों को शौचालय, गैस,बिजली-पानी, बैंक अकाउंट ऐसी छोटी-छोटी चीजों के लिए तरसाया। इसी कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उनके इन्हीं पापों की सजा देश कांग्रेस को दे रहा है। मोदी भीनमाल (जालोर) में 72 जिनालय के सामने स्थित ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

पीएम ने कहा कि देश का युवा इतने गुस्से में है वो दोबारा कांग्रेस का मुंह नहीं देखना चाहता। उन्होंने कहा कि अस्थिरता की प्रतीक कांग्रेस पार्टी और उनका कुनबा देश को चला सकता है क्या। आज कांग्रेस की जो हालत हुई है, उसकी गुनहगार वो खुद है। देखिए आपके यहां से राज्यसभा में कांग्रेस के एक नेता दक्षिण के हैं, उन्हें भेजा। कभी उन्होंने एक भी बार राजस्थान की बात कही है। आपने उदारता पूर्वक भूतपूर्व पीएम मनमोहन सिंह को सम्मान में राजस्थान से राज्यसभा में भेजा। वो काफी समय बीमार रहे। क्या कभी राजस्थान में आपने उन्हें फिर से भेजा। अब उनके एक और नेता को बचाने की कोशिश की राजस्थान वालों ने। जो लोग चुनाव नहीं लड़ सकते, चुनाव जीत नहीं सकते, मैदान छोड़ कर इस बार राजस्थान से राज्यसभा में आए हैं। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा के चुनाव में देश में पच्चीस प्रतिशत सीटें ऐसी हैं, जहां ये गठबंधन के लोग एक-दूसरे को मारने-काटने में लगे हैं। एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। अगर जिसमें चुनाव के पहले इतनी लड़ाई चल रही है तो चुनाव के बाद लूट के लिए कितनी ज्यादा लड़ाई लड़ेंगे, इसकी कल्पना कर सकते हैं। क्या ऐसे लोगों को इतना बड़ा देश सुपुर्द कर सकते हैं क्या।

मैं भी आप ही की तरह सामान्य परिवार से आया हूं – मैं भी आप ही की तरह सामान्य परिवार से आया हूं। मैंने भी परिवार में देखा न बिजली होती थी न पानी होता था, घर में रसोई का चूल्हा धुएं से भर जाता था। बचपन ऐसे ही बिताकर आया हूं, लेकिन जब आज यहां पहुंचा हूं तो मेरे दिल में यही रहता है कि बचपन में जो कठिनाई अपनी मां को भुगतते देखता था मैं ऐसी कठिनाई मेरे देश की एक भी माता-बहन को भुगतते नहीं देखना चाहता। इसलिए मैं आपके बेटे की तरह, आपके भाई की तरह आपके दुख-दर्द को मिटाने के लिए दिन-रात दौड़ रहा हूं। अभी तक राजस्थान के करीब 19 लाख दलित, गरीब, पिछड़े, आदिवासी परिवारों के पक्के घर बन चुके हैं और इसमें एक लाख पक्के घर जालोर और सिरोही में बने हैं। एक घर बनाना होता है तो कितनी तकलीफ होती है ये आप भी जानते हैं, अकेले इस इलाके में मोदी ने एक लाख घर बना दिए। ऐसा इसलिए दिल में एक दर्द पड़ा हुआ है। संवेदना पड़ी हुई है। इसलिए मोदी लालायित रहता है।

कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चलती थी – पहले चरण के मतदान में आधे राजस्थान ने कांग्रेस को बराबर की सजा दी है, उनको बराबर का सबक सिखाया है। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत राजस्थान ये जानता है कि कांग्रेस कभी भी मजबूत भारत बना ही नहीं सकती। देश को ऐसी कांग्रेस सरकार नहीं चाहिए। देश में 2014 से पहले के हालात वापस नहीं होने चाहिए। हर कोई कांग्रेस की कमजोर सरकार को धमकाते थे। हर कोई देश को लूटने में जुटा था। प्रधानमंत्री को तो कोई पूछता ही नहीं था। सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments