HomeHaryana Newsमहाराणा प्रताप के जीवन से देश युगों-युगों तक प्रेरणा लेता रहेगा :...

महाराणा प्रताप के जीवन से देश युगों-युगों तक प्रेरणा लेता रहेगा : CM नायब सैनी

करनाल (रविन्द्र मलिक) : हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं विधानसभा उप चुनाव भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी ने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए जो कार्य किए उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। महाराणा प्रताप ने देश की रक्षा के लिए अंग्रेजों और मुगलों का डट कर सामना किया। उन्होंने जीवन में कभी पराधीनता स्वीकार नहीं की। मुख्यमंत्री राजपूत सभा करनाल की ओर से महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर महाराणा प्रताप चौक पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को संबोधित कर रहे थे। संबोधन से पहले मुख्यमंत्री एवं करनाल विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

साथ में मंत्री असीम गोयल विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजपूत सभा के प्रधान डा. एनपी सिंह ने की। आयोजकों की ओर से मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ व पगड़ी भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस की प्रतिमूर्ति महाराणा प्रताप ने मातृभूमि के लिए त्याग का उच्च मानदंड स्थापित किया। संस्कृति, स्वधर्म व स्वाभिमान के ऐसे महानायक के जीवन से देश युगों-युगों तक प्रेरणा लेता रहेगा। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने देश हित में जो मिशन शुरू किए उन सभी को दृढ़ संकल्प के साथ पूरा किया। उन्होंने कभी अपने संकल्पों के साथ समझौता नहीं किया।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मिशन देश को विकसित बनाना और वह दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। परिवहन मंत्री असीम गोयल ने कहा कि महाराणा ने अपने जीवन में निर्भीक रहते हुए स्वाभिमान के साथ मातृ भूमि की रक्षा की। भाजपा ने महापुरुषों का सम्मान करके हर समाज के लोगों का मान बढ़ाया है। भाजपा भारतीय संस्कृति को मानने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर देश सेवा कर रहे हैं और हमारी संस्कृति को संजोए रखने का काम कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने कहा कि महाराणा प्रताप की वीरता, साहस, और मातृभूमि के प्रति समर्पण हमारे लिए प्रेरणा का अटूट स्रोत हैं।

उन्होंने अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस और बलिदान का परिचय दिया। उनका जीवन हमें संघर्ष, आत्मसम्मान, और स्वाधीनता के महत्व को समझाता है। उनके जीवन की कहानियां हमें यह सिखाती हैं कि हर कठिनाई का सामना साहस और धैर्य के साथ किया जा सकता है। इस अवसर पर हरियाणा परिवहन मंत्री असीम गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, पूर्व सीएम मीडिया कोर्डिनेटर जगमोहन आनंद, निवर्तमान मेयर रेनूबाला गुप्ता, संजय बठला, सुभाष चंद्र, अशोक सुखीजा, गुरदीप राणा, कविन्द्र राणा व सोहन सिंह राणा सहित अन्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments