HomeHaryana Newsपूरे देश में कांग्रेस की जबरदस्त लहर, लोग वोट की चोट से...

पूरे देश में कांग्रेस की जबरदस्त लहर, लोग वोट की चोट से मोदी सरकार को दिखाएंगे बाहर का रास्ता: कुमारी सैलजा

चंडीगढ़ ( सतीश कुमार): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री, हरियाणा कांग्रेस की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं उत्तराखंड की प्रभारी एवं सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस (इंडिया गठबंधन)की उम्मीदवार कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने गलत नीतियों को लागू कर पूरे देश के लोगों को ठगा है। मोदी सरकार ने हर वर्ग को लोगों को रोने के लिए विवश कर दिया है। मगर अब समय बदल रहा है, देश में लोग भी बदलाव चाहते हैं, लोकतंत्र में मतदाता बड़ी शक्ति होती है। पूरे देश में कांग्रेस की जबरदस्त लहर चल रही है और लोग वोट की चोट से मोदी सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना चुके हैं।

कुमारी सैलजा ने रविवार को रतिया विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों का दौरा कर वोट की अपील की। उन्होंने गांव भिरडाना में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में कोई भी आदमी छोटा नहीं होता, सबकी आवाज बराबर होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के 10 साल के शासन ने देश को काफी पीछे धकेल दिया है। किसान, बेरोजगार, सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कर्मचारी, सभी हकों के लिए सड़को पर आकर लड़ाई लड़ रहे हैं। पर अहंकार में डूबी इस सरकार को कुछ भी दिखाई नहीं देता है। उन्होंने कहा कि उनके पिता चौ. दलबीर सिंह की चिट्ठियों को जिस प्रकार लोगों ने इतने प्यार से संभालकर रखा है मेरा वचन है कि मैं उतने ही समर्पण से आपके हर सपने को संवारूंगी। ये वक्त कांग्रेस का हाथ मजबूत करने का और देश को मजबूत करने का है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की जनता के साथ सबसे बड़ा धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आज सिरसा ही नहीं देश बदलाव के लिए तैयार है और बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा कि मतदाता केवल और केवल मतदान की प्रतीक्षा कर रहा है ताकि इस जनविरोधी सरकार को अलविदा कहा जा सके। पूरे देश में कांग्रेस की जबरदस्त लहर चल रही है। देश के किसानों की वर्तमान हालात का जिक्र करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि आज किसानों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहा है वह आवाज उठाना चाहता है पर लाठी डंडों से हर बार उसकी आवाज दबाई जा रही है। अभी तक एमएसपी लागू नहीं की गई लेकिन कांग्रेस की सरकार बनते ही एमएसपी कानून लागू किया जाएगा। भाजपा सरकार किसानों के साथ धोखाधड़ी कर रही है। भाजपा सरकार को किसान हितैषी कहलाने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि जब से देश में भाजपा की सरकार आई है तब से किसानों का जमकर शोषण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों का आंदोलन कृषि क्षेत्र में गहरे संकट की घंटी बजा रहा है। भाजपा/एनडीए सरकार की प्रतिक्रिया संवेदनहीन और क्रूर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य नहीं मिलता; न ही उत्पादकों के पास अपनी उपज के विपणन के लिए पर्याप्त रास्ते हैं। निर्यात नियंत्रण ने किसानों को कमजोर कर दिया है। खेतिहर मजदूरों की दुर्दशा तो और भी बदतर है; काम की उपलब्धता अनियमित है और मजदूरी लगभग 04 वर्षों से स्थिर है कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने किसानों और खेतिहर मजदूरों के संकटकाल की पुकार पर ध्यान दिया है और कांग्रेस उनके दर्द को कम करने और कृषि को एक आकर्षक आजीविका बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस मौके पर पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व विधायक जरनैल सिंह, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, रिसाल सिंह पूर्व विधायक, राजपाल सिंह भूखडी पूर्व विधायक, जयपाल सिंह लाली, मंगतराम लवास और सुरेंद्र वरतिया आदि मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments