HomeNational Newsगुजरात सहित कई राज्यों में अप्रैल में ही चलेगी लू, मौसम विभाग...

गुजरात सहित कई राज्यों में अप्रैल में ही चलेगी लू, मौसम विभाग ने किया अलर्ट

नई दिल्ली। अप्रैल माह का अभी पहला सप्ताह भी नहीं बीता है कि गरमी और लू अपना असर दिखाने लगी है। कई राज्यों में तेज तपन के कारण लोग घर से चेहरा ढंककर निकल रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल महीने में ही राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों में 20 दिन लू चलेगी। अहमदाबाद में भीषण गर्मी के बाद 100 ट्रैफिक सिग्नलों को 12 बजे से 4 बजे तक बंद करने का ऐलान किया गया है। राज्य के अधिकांश स्थानों में स्कूलों के समय पर बदलाव हुआ है। आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले 5 दिन हीट वेव की चेतावनी जारी की है। हालांकि उत्तर भारतीय राज्यों से थोड़ी राहत की खबर है। दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में मौसम बदलने वाला है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान का स्तर बढ़ेगा। बेंगलुरु सिटी, बेंगलुरु ग्रामीण, मांड्या, तुमकुर और मैसूर क्षेत्रों में अगले पांच दिनों में तापमान 2 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। उत्तरी कर्नाटक क्षेत्रों – बागलकोट, कलबुर्गी, विजयपुरा, कोप्पला और गडग में – अगले तीन दिनों के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि बेंगलुरु में 8 या 9 अप्रैल तक हल्की बारिश के साथ गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। अप्रैल महीने से ही भारत के कई राज्यों को भयानक हीटवेव का सामना करना पड़ रहा है। जून तक पूरे देश का करीब 85% हिस्सा आग में झुलसेगा। पिछली साल यह आंकड़ा 60% था। कर्नाटक में हीट वेव की स्थिति अल नीनो प्रभाव में वृद्धि के कारण है। राजधानी बेंगलुरु के लोगों को पानी के संकट के बीच भीषण गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री रहा, जो 2016 के बाद से अधिकतम है।

आईएमडी ने कहा है कि 4 अप्रैल के लिए यूपी के सभी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि प्रदेशभर में किसी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले तीन दिन मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो कल से मौसम बदलने की संभावना है। अगले पांच दिन हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि आज मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन में गर्मी के साथ रात में लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।गुजरात के कई शहरों में भी भीषण गर्मी का कहर जारी है। यहां तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। चिलचिलाती गर्मी से राहत देने के लिए अहमदाबाद नगर निगम द्वारा संचालित शिक्षण समिति ने 425 स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। बच्चों को गर्मी से राहत देने के लिए दोपहर की शिफ्ट को भी सुबह बुलाया गया है। इसके अलावा अहमदाबाद में ट्रैफिक पुलिस ने शहर के 100 ट्रैफिक सिग्नलों को चार घंटे के लिए बंद रखने का ऐलान किया है। पुलिस के मुताबिक, लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच सिग्नल नहीं चलेंगे। यानी लोगों को सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments