Wednesday, August 19, 2026
HomeHaryanaहरियाणा रोडवेज द्वारा आगामी एक माह के भीतर यात्रियों की सुविधा के...

हरियाणा रोडवेज द्वारा आगामी एक माह के भीतर यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल ऐप होगा लॉन्च -परिवहन मंत्री अनिल विज

चंडीगढ़ – हरियाणा के परिवहन मंत्री  अनिल विज ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अगले एक माह के भीतर हरियाणा रोडवेज का मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। इसके अलावा, हरियाणा रोडवेज में करीब 700 कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी तथा राज्य में 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। विज चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव  अतुल द्विवेदी भी उपस्थित रहे।

700 कंडक्टरों की होगी भर्ती, 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी – विज
बैठक के दौरान अधिकारियों ने विज को बताया कि विभाग में करीब 700 कंडक्टरों की पदोन्नति की जानी है और उनके स्थान पर जल्द ही 700 नए कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी। इस पर विज ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह भी बताया कि राज्य में ग्रीन एनर्जी के साथ-साथ ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। इसके अतिरिक्त, 125 साधारण बसें हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से तैयार की जा रही हैं।

मोबाइल ऐप में बसों की लाइव लोकेशन और तीन भाषाओं की सुविधा – विज
बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मंत्री विज के समक्ष तैयार किए गए मोबाइल ऐप की प्रस्तुति दी। ऐप की समीक्षा करते हुए श्री विज ने निर्देश दिए कि इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक मॉड्यूल जोड़े जाएं। उन्होंने कहा कि ऐप में ’’निर्धारित समय पर निर्धारित बस अड्डे या बस स्टॉप पर बस के पहुंचने की जानकारी’’, बसों के ’’अनधिकृत स्थानों पर ठहराव की जानकारी’’ तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। ंश्री विज द्वारा अधिकारियों को ऐप को ’’हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी’’, तीनों भाषाओं में उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐप ’एंड्रायड और आईओएस’ दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होना चाहिए। इसके माध्यम से यात्रियों को बसों की ’’लाइव लोकेशन’’ की जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकें। विभिन्न गंतव्यों के बीच किराए की जानकारी के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के तहत यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ’’डिजिटल क्यूआर कोड/कार्ड’’ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होगी। श्री विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐप में आवश्यक संशोधन कर इसका ’’शीघ्र ट्रायल’’ जल्द से जल्द किया जाए।

सभी बस अड्डों पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश – विज
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य के सभी बस अड्डों पर बसों की ’’समय-सारिणी और उनके गंतव्यों की जानकारी डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड’’ पर प्रदर्शित की जाए, ताकि यात्री अपनी यात्रा की पूर्व योजना बना सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि प्रत्येक बस के बस अड्डे पर आने और वहां से रवाना होने का समय कंट्रोल सेंटर में रिकॉर्ड होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई चालक बस को निर्धारित बस अड्डे पर नहीं ले जाता है तो सिस्टम के माध्यम से उसकी ’’स्वचालित रूप से जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया’’ शुरू होनी चाहिए। श्री विज ने कहा कि हरियाणा रोडवेज के अंतर्गत संचालित सभी बसों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे बसों की निगरानी और संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बस अड्डों पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर बल- विज
बैठक में बस अड्डों पर यात्रियों को उपलब्ध होने वाली खाद्य सामग्री और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने पर भी चर्चा हुई। श्री विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे की आईआरसीटीसी की तर्ज पर परिवहन विभाग के तहत एक नई संस्था गठित करने की संभावनाएं तलाशें, ताकि यात्रियों को निर्धारित एवं उचित कीमतों पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बस अड्डों पर अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं को तत्काल हटाने के सख्त निर्देश दिए। श्री विज ने स्पष्ट कहा कि “अनिल विज लोगों को खाने-पीने के नाम पर जहर नहीं बेचने देगा।”

बस अड्डों को देश में स्वच्छता के मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश – विज
विज ने अधिकारियों को बस अड्डों के शौचालयों की नियमित और समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बस अड्डों पर ’’वैक्यूम क्लीनिंग’’ की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया, ताकि हरियाणा के बस अड्डे स्वच्छता के मामले में देश के लिए ’’मॉडल बस अड्डे’’ बन सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बस अड्डों के शौचालय जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं, वहां उनकी ’’मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण’’ का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

बैठक में परिवहन विभाग से जुड़े विभिन्न अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। विज ने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा, बस सेवाओं में सुधार, स्वच्छता, तकनीकी निगरानी और परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में परिवहन आयुक्त प्रभजोत सिंह, परिवहन विभाग के महानिदेशक धीरेन्द्र खडगटा, हरसेक के निदेशक डॉ. सुल्तान सिंह सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments