Wednesday, October 7, 2026
HomeNationalगुजरात में भाजपा की विदाई तय, अबकी बार जनता करेगी बाय-बाय- केजरीवाल

गुजरात में भाजपा की विदाई तय, अबकी बार जनता करेगी बाय-बाय- केजरीवाल

नई दिल्ली/गुजरात : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने गुरुवार को गुजरात के डेडियापाड़ा विधानसभा में विशाल जनसभा की। ‘‘आप’’ विधायक चैतर वसावा की गिरफ्तारी के विरोध में आयोजित जनसभा में उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में भाजपा का समय चक्र पूरा हो चुका है। अब गुजरात से भाजपा की विदाई तय है। इस बार जनता ने भाजपा को बाय-बाय करने का मन बना लिया है। उन्होंने भाजपा सरकार के दमन और शोषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आदिवासी नेता चैतर वसावा ने भ्रष्टाचार की पोल खोली तो डरकर भाजपा ने झूठे केस में उनको जेल में डाल दिया। उन्होंने एलान किया कि आगामी तालुका-पंचायत चुनाव में ‘‘आप’’ आम लोगों को टिकट देगी। अब गुजरात में ‘‘आप’’ एक मजबूत विपक्ष है, जो इस बार जनता के साथ मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।

भाजपा सरकार के शोषण और दमन से पूरा आदिवासी समाज आक्रोशित- केजरीवाल

‘‘आप’’ विधायक चैतर वसावा की गिरफ्तारी के विरोध में डेडियापाड़ा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने आदिवासी समाज का शोषण, दमन और हक छीना है। आज सारा आदिवासी समाज भाजपा से बेहद नाराज है। आदिवासी समाज ने भाजपा और कांग्रेस के नेताओं को वोट दिया, लेकिन कि नेता, मंत्री या पार्टी ने आदिवासी समाज की आवाज नहीं उठाई। 2022 में गुजरात में चुनाव हुए और डेडियापाड़ा से आदिवासी समाज का युवा नेता चैतर वसावा चुनाव में खड़ा हुआ। एक पढ़े-लिखे और समाज की सेवा करने वाले चैतर वसावा को आदिवासी समाज ने भारी मतों के अंतर से चुनाव जीता कर विधानसभा में भेजा। विधायक बनने के बाद से चैतर वसावा लगातार आदिवासी समाज के मुद्दे उठाए हैं।

जनता के हक का पैसा चोरी करके भाजपा के नेता अपने लिए बना रहे महल- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में सरकारी स्कूलों, अस्पतालों और सड़कों की हालत बेहद खराब है। चैतर वसावा ने स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, बिजली, जल, जंगल और जमीन का मुद्दा उठाया। चैतर वसावा देखा कि सरकार हर साल जो स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों के लिए पैसा भेजती है, वह पैसा भाजपा नेताओं की जेब में जाता है। भाजपा का एक छोटा सा नेता विधायक बनने से पहले साइकिल पर घूमता है, टूटा-फूटा घर होता है, लेकिन पांच साल में स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों का पैसा चोरी करके भाजपा के विधायक अपने लिए 10 महल बना लेते हैं, 10 बड़ी-बड़ी गाड़ियां खरीद लेते हैं। पहली बार चैतर वसावा आदिवासी समाज की आवाज बना और भाजपा के भ्रष्टाचार की पोल खोली। इससे भाजपा डर गई और उसे लगने लगा कि अगर चैतर वसावा इसी तरह आदिवासी समाज की आवाज उठाएगा तो आदिवासी समाज हमें वोट नहीं देगा।

भाजपा वालों ने नीचता की सारी हदें की पार, मनरेगा का पैसा भी खा गए- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मनरेगा में न्यूनतम मजदूरी में 100 दिन का रोजगार मिलता है। जिसके पास दो वक्त की रोटी नहीं होती है, वही मनरेगा में मजदूरी करने जाता है। भाजपा वाले इतने गंदे और नीच हैं कि ये गरीबों के मनरेगा का पैसा भी खा गए। चैतर वसावा ने मनरेगा में 2500 करोड़ रुपए का घोटाला खोला है। चैतर वसावा ने पहले विधानसभा में आवाज उठाई, फिर मीडिया और सड़क पर आवाज उठाई और भाजपा के मंत्री के दो बेटों को जेल भिजवा दिया। इसलिए भाजपा सरकार ने चैतर वसावा को जेल भेज दिया। चैतर वसावा ने कोई जुर्म, अपराध या गलत काम नहीं किया है। भाजपा के कहने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज गायब कर दिया। चैतर वसावा को फंसाया गया है। उन पर झूठा केस किया गया है। भाजपा चैतर वसावा को डराना चाहती है, लेकिन चैतर वसावा बब्बर शेर है, भाजपा उन्हें जेल भेजकर डरा नहीं सकती।

भाजपा से हम डरते नहीं, ये हमें जितना जेल भेजेंगे, उतना ही जनता ‘‘आप’’ से जुड़ेगी- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को जेल भेजा। पिछले साल भाजपा ने मुझे भी एक साल तक जेल में रखा। भाजपा ने मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह को जेल में रखा। इनको लगा ये लोग डर जाएंगे और आम आदमी पार्टी टूट जाएगी। लेकिन आम आदमी पार्टी और मजबूत हो गई। हम इनसे डरने वाले नहीं हैं। 2027 में गुजरात में चुनाव है। अभी भाजपा वाले गोपाल इटालिया, इशुदान गढ़वी को भी जेल भेजेंगे। भाजपा वालों की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। जब भगवान किसी को बर्बाद करना चाहता है तो सबसे पहले उसकी बुद्धि भ्रष्ट करता है। भाजपा वाले हमें जितना जेल भेजेंगे, उतनी ही जनता आम आदमी पार्टी के साथ खड़ी होती जाएगी।

गरीब पशुपालक अपना हक मांगते हैं तो भाजपा सरकार उन पर लाठी-डंडे बरसाती है- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हर साल सरकार जून में पशुपालकों को 17 फीसद बोनस देती है। लेकिन इस साल भाजपा ने पशुपालक किसानों को उनका बोनस नहीं दिया। ये लोग उनका बोनस खा गए। साबर डेयरी में सारे पशुपालक एक होकर प्रदर्शन किए तो भाजपा सरकार ने उन पर लाठी-डंडे बरसाए, आंसू गैस के गोले छोडे और गरीब पशुपालक अशोक चौधरी की दुखद मौत हो गई। उस किसान के घर पर छत भी नहीं है। भाजपा वालों ने गरीब पशुपालक किसानों का पैसा लूट कर बड़े-बड़े महल बनवा लिए, जमीन खरीद ली। ये लोग पशुपालकों का बोनस खा गए। जब पशुपाल मंडी में अपना दूध बेचने जाता है तो फैट मापने वाली मशीन भी गड़बड़ है। ये लोग उसका भी पैसा खा जाते हैं।

तालुका-पंचायत चुनाव भाजपा-कांग्रेस की जमानत जब्त कर चैतर वसावा की गिरफ्तारी का बदला लेंगे- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज गुजरात में सड़कें टूटी पड़ी हैं। फ्लाईओवर और पुल गिर रहे हैं। खुलेआम नकली शराब बिक रही है। गुजरात की जनता को खड़े होना पड़ेगा। जब आप लोग खड़े होंगे तो भगवान भी मदद करेगा। आम आदमी पार्टी सिर्फ आम लोगों को टिकट देती है। चैतर वसावा आम आदमी है। हमारे घर में कोई नेता नहीं है। हम सभी आम लोग हैं। अरविंद केजरीवाल ने एलान करते हुए कहा कि अगले कुछ महीने में पंचायत, जिला पंचायत और नगर पालिका के चुनाव होने वाले हैं। युवा सामने आएं, आम आदमी पार्टी गरीबों को टिकट देगी। युवा अपने गांव की जिम्मेदारी लें। हमारी मदद करने के लिए कोई बाहर से नहीं आएगा। हमें अपनी मदद खुद करनी पड़ेगी, खुद खड़े होना पड़ेगा। पंचायत चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी को अपना नाम भेजें, हम टिकट देंगे। भाजपा और कांग्रेस की जमानत जब्त कराकर चैतर वसावा की गिरफ्तारी का बदला लेना है।

गुजरात में कांग्रेस-भाजपा मिलकर जनता को लूट रही है- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने गुजरात की जनता को कांग्रेस से सावधान करते हुए कहा कि गुजरात में अकेले भाजपा की सरकार नहीं है, बल्कि भाजपा-कांग्रेस की गठबंधन की सरकार चल रही है। ये दोनों मिल कर लूट रहे हैं। गरीबों के मनरेगा, सड़कों का पैसा भाजपा और कांग्रेस के नेता मिलकर लूटते हैं। स्कूलों, अस्पताल, जल, जंगल, जमीन, फ्लाईओवर, नकली शराब भाजपा और कांग्रेस के नेताओं का जुड़वा धंधा है। कांग्रेस भाजपा को हराना नहीं चाहती है। क्योंकि ये दोनों मिले हुए हैं। अभी तक गुजरात में कोई विपक्ष नहीं था, लेकिन अब आम आदमी पार्टी विपक्ष है। आम आदमी पार्टी गुजरात की जनता की लड़ाई लड़ेगी, लेकिन जिम्मेदारी लेने के लिए जनता को सामने आना पड़ेगा।

भाजपा को हराने के लिए सारी लड़ाइयों को एक करके गुजरात की लड़ाई बनानी होगी- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे आदिवासी समाज को चैतर वसावा की गिरफ्तारी का बदला लेना है ताकि दूसरी बार चैतर वसावा की तरफ देखने की इनकी हिम्मत न हो। चैतर वसावा का संदेश गुजरात के एक-एक घर में जाना चाहिए। पूरे गुजरात को एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तरी गुजरात में पशुपालक लड़ाई कर रहे हैं, इधर आदिवासी समाज लड़ाई कर रहे हैं। भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए हमें सारी लड़ाइयों को एक करके गुजरात की लड़ाई बनानी पड़ेगी। सारे गुजरात को इकट्ठा होना पड़ेगा। पहले 30 साल कांग्रेस ने राज किया, अब 30 साल भाजपा ने राज किया। गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं कि समय का चक्र घूमता है। अब भाजपा समय का चक्र पूरा हो गया है। भाजपा का जाने का समय आ गया है।

भाजपा का हर वादा जुमला है, देश को बर्बादी की ओर लेकर जा रही है- भगवंत मान

इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आदिवासी (मूल निवासी) होने का मतलब है जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, लेकिन भाजपा जल, जंगल, जमीन और पूरा देश बेच रही है। जब आदिवासी जाग जाता है, तो कोई तूफान उसे रोक नहीं सकता। लेकिन वह खुद को अकेला न समझें, “आप” आदिवासियों और चैतर वसावा के साथ खड़ी है। चैतर वसावा पहले भी किसानों के हक के लिए ट्रैक्टर के सामने खड़े होकर जेल गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दी और झूठे केस डाले। इससे पहले भी भाजपा ने “आप” नेताओं पर झूठे केस किए और जेल भेजा, लेकिन उनके कागज खत्म हो जाएंगे, हमारे लोग खत्म नहीं होंगे।

भगवंत मान ने कहा कि गुजरात में भाजपा की 30 सालों से सरकार है। जनता 30 साल तक चुप रह सकती है, लेकिन जब जागती है, तो 30 साल का हिसाब 30 मिनट में ले लेती है। गुजरात में अब हिसाब का समय आ गया है। कांग्रेस और भाजपा मिले हुए हैं और गुजरात में कोई विपक्ष नहीं था। लेकिन अब “आप” ने झाड़ू के बटन के साथ तीसरा रास्ता खोल दिया है, जो भ्रष्ट व्यवस्था की सफाई करेगा। मान ने जनता से एकता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बारिश हो या धूप, एकजुट रहने से भाजपा की दीवारें हिलेंगी। “आप” शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार की बात करती है, न कि नफरत या लड़ाई की।

भगवंत मान ने “आप” की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि पंजाब में 3 साल में 55,000 सरकारी नौकरियां बिना रिश्वत या सिफारिश के दी गईं। मेरिट के आधार पर चिट्ठी घर पहुंचती है कि आ जाओ, कुर्सी तुम्हारा इंतजार कर रही है। दूसरी तरफ, गुजरात में हर साल भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, चाहे कलेक्टर के हों या अन्य बड़े पदों के। आदिवासी बच्चे सुबह 3 बजे उठकर और खेतों में किताब पढ़ते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनके सपने टूट जाते हैं। यह सरकार की टूटी-फूटी व्यवस्था का नतीजा है। पंजाब में “आप” ने पेपर लीक रोके और गुजरात में भी ऐसा करेगी। भाजपा का हर वादा जुमला है। देश 140 करोड़ लोगों का है, लेकिन यह बर्बादी की ओर जा रहा है। जनता को जागना होगा, एकजुट होकर अपने हक के लिए सवाल पूछने होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments