पटना । बिहार के पूर्णिया जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर एक पत्नी ने अपने पति की गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के दमगड़ा वार्ड संख्या 11 की है।
मृतक की पहचान आनंदी दास के 42 वर्षीय बेटे बालो दास के रूप में हुई है। बालो दास मजदूरी किया करता था और उन्हीं पैसों से घर का खर्च चलता था। बताया जा रहा है कि बीते बालो दास ने पत्नी से खाना मांगा, इस लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया और बालो दास गुस्से में अपने बेटे के साथ आंगन में सो गए। इसी बीच बालो दास की पत्नी उषा दतिया लेकर आई और ताबड़तोड़ वार करके उनकी हत्या कर दी।
इस खौफनाक मंजर का चश्मदीद मृतक बालो दास का पुत्र शैलेन्द्र (12 वर्षीय) बना। जब दतिया चलने से निकला खून शैलेन्द्र के शरीर पर आकर गिरा तब उसकी नींद खुल गई। नींद खुलने पर सुपुत्र ने देखा कि उसकी मां पिता की गर्दन काट रही है। बेटा चीखते-चिल्लाते गांव वालों को जगाने लगा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर अपना जुर्म भी कुबूल कर लिया है। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

