हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में एक निर्माण स्थल पर खदान में चट्टान खिसकने से 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 मजदूर घायल हो गए। हादसे के समय वहां 16 मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से कई ओडिशा से आए प्रवासी मजदूर थे।पुलिस के मुताबिक, पत्थर तोड़ते समय अचानक एक बड़ी चट्टान गिर गई, जिससे मजदूर मलबे में दब गए। चार घायलों की हालत गंभीर है। राहत और बचाव टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों को सांत्वना दी। उन्होंने घायलों के इलाज के आदेश दिए और कहा कि हादसे की जांच की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी हादसे को दुखद बताते हुए सरकार से मदद की मांग की। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है कि क्या सुरक्षा नियमों की अनदेखी हुई थी। यह हादसा राज्य में खदानों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। सरकार ने पीडि़तों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है।

