Saturday, August 8, 2026
HomeNationalएसआईआर मामले पर संसद परिसर में विपक्ष ने किया प्रदर्शन, सोनिया गांधी...

एसआईआर मामले पर संसद परिसर में विपक्ष ने किया प्रदर्शन, सोनिया गांधी भी हुईं शामिल

नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र के चौथे दिन बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष का विरोध तेज हो गया। संसद की कार्यवाही शुरु होने से पहले गुरुवार को विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। विपक्षी सांसद संसद भवन के मकर द्वार पर एकजुट हुए और हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुईं।

प्रियंका गांधी ने लोकतंत्र खतरे में है, लिखा पोस्टर लहराया और कहा, जब भी विपक्ष बोलना चाहता है, उन्हें रोका जाता है। हम केवल चर्चा की मांग कर रहे हैं।कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, यह लड़ाई अभी जारी रहेगी। हमें भरोसा है कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम करेगा और किसी भी मतदाता को वंचित नहीं किया जाएगा। वहीं, कांग्रेस के सुखजिंदर सिंह रंधावा ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा, अब यह आयोग नहीं बल्कि भाजपा का कार्यालय बन गया है।

आरजेडी सांसद मनोज झा ने केंद्र पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, अगर चुनाव आयोग बांग्लादेश के चुनाव आयोग जैसा व्यवहार करेगा तो यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। अगर सरकार बिहारियों को बेदखल करने की साजिश रच रही है तो यह आग से खेलने जैसा है। विपक्षी दलों का कहना है कि बिहार में चल रहा एसआईआर प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और इससे मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका है। विपक्ष ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मांग की है कि चुनाव आयोग इस प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments