पटना । बिहार में मानसूनी बारिश के बीच आसमानी आफत ने कहर बरपा दिया है। राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के साथ-साथ वज्रपात की घटनाओं ने लोगों की जान ले ली है। शनिवार को कैमूर और भोजपुर जिले में हुई वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें दो महिलाएं और एक बुजुर्ग किसान शामिल हैं। बारिश के चलते लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं और मौसम ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के सिकठी गांव में एक 70 वर्षीय महिला खेत में धान की रोपनी कर रही थीं, तभी अचानक आसमान से बिजली गिरी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, चैनपुर थाना क्षेत्र के मुड़ी गांव की राधिका देवी भी खेत में काम कर रही थीं, जब वज्रपात की चपेट में आकर झुलस गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजन गमगीन हैं। इसी तरह भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के रामसाढ़ गांव में एक 65 वर्षीय व्यक्ति गिर गया और उनकी भी मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

