नई दिल्ली। देशभर में बारिश का दौर जारी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश और बाढ़ का असर है। मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर आंधी और तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है और 17 जुलाई तक देश के अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, जम्मू कश्मीर और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। कई जगह गरज के साथ बिजली कड़कने की संभावना है।
यूपी में भी मौसम बदला हुआ है। प्रयागराज में गंगा और यमुना नदी में उफान के कारण बाढ़ का पानी निचले इलाके में भर गया है। संगम के रास्ते जलमग्न हैं। पूरे यूपी में पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की बारिश-बिजली गिरने और बाढ़ से मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने बिहार में अगले 48 घंटों तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। बिहार में दोबारा मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने बिहार के 20 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। यूपी में एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में बिजली गिरने, डूबने और सांप के काटने समेत मई घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, गोरखपुर में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि जौनपुर, रायबरेली, चंदौली, कुशीनगर और कानपुर देहात में इस तरह की घटनाओं में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। चित्रकूट में डूबने की घटनाओं में दो और बांदा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। गाजीपुर में सांप के काटने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि चंदौली और प्रतापगढ़ में ऐसी घटनाओं में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इन घटनाओं में मारे गए लोगों के परिजन को उचित मुआवजा दिया जाएगा। बारिश-बाढ़ ने यहां मचाई तबाही, बिहार में 13, राजस्थान में 7 की गई जान बिहार में बीते 24 घंटे में बाढ़ और बिजली गिरने से 13 लोगों की जान चली गई। बिजली गिरने से प्रदेश में 9 लोगों की मौत हुई है। इनमें सबसे ज्यादा 5 मौतें बांका में हुई। वहीं, बाढ़ से गयाजी में 2, नालंदा और पटना में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई है।

