नई दिल्ली। भारी बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच दिल्ली में दर्दनाक हादसा हो गया है। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के वेलकम इलाके में चार मंजिला इमारत ढह गई। इस इमारत के मलबे में 12 लोग फंसे हुए हैं। लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फायर विभाग की 7 टीमें रेस्क्यू में लगी हुई हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की जानकारी देते हुए फायर विभाग ने बताया कि सीलमपुर के ईदगाह रोड इलाके में शनिवार सुबह यह हादसा हुआ है। इस हादसे में घर में मौजूद करीब 12 लोग फंस गए। इनमें से 3 को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। फायर विभाग का कहना है कि भरभराकर ढही इमारत कुल चार मंजिल बनी हुई थी। मलबे में फंसे लोगों को फायर विभाग की टीम रेस्क्यू कर रही है। मामला सीलमपुर इलाके का है। यहां के ईदगाह रोड की जनता कॉलोनी में शनिवार सुबह चार मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई।
इमारत ढहने से इलाके में हड़कंप मच गया। आनफानन में इस घटना की सूचना फायर विभाग और पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 7 टीमों ने लोगों को बचाने का काम शुरू कर दिया। घटना में 3 लोगों को अब तक बाहर निकाला गया है, जबकि 12 लोगों के फंसे होने की आशंका है। इस घटना में बाहर निकाले गए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सबसे पहले स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव का काम शुरू किया और मलबे को हटाना शुरू किया।

