शिमला। हरियाणा के बाद अब हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश के बीच भूकम्प के झटके लगे हैं। पर्वतीय जिला चम्बा में शुक्रवार सुबह भूकम्प के हल्के झटकों से धरती हिली। भूकम्प की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 रही। ये झटके सुबह 6 बजकर 23 मिनट पर कुछ सेकंड तक रहे। इसका असर चम्बा जिला व आसपास के इलाकों में महसूस किया गया। बता दें कि हिमाचल प्रदेश भूकम्प की दृष्टि से अति संवेदनशील जोन 4 व 5 में शामिल है। यहां कई वर्षों से भूकम्प के हल्के झटके महसूस किए जाते रहे हैं। वर्ष 1905 में कांगड़ा व चम्बा जिलों में आये विनाशकारी भूकंप से 10 हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक भूकम्प का केंद्र चम्बा में 32.36 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.18 डिग्री पूर्वी देशांतर पर रहा और इसकी गहराई जमीन की सतह से पांच किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। भूकंप के झटकों के कारण किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि भूकम्प की तीव्रता कम होने की वजह से चम्बा जिला व साथ लगते क्षेत्रों में किसी तरह के नुकसान की रिपोर्ट नहीं है। इससे पहले भी चम्बा जिला में कई बार कम तीव्रता के भूकम्प के झटके लग चुके हैं।

