राजकोट। गुजरात के राजकोट जिले में एक चौंकाने वाली घटना हुई है, जहां एक बेटी और उसके पति ने मिलकर वृद्ध पिता की हत्या की। पिता के झगड़ों से परेशान होकर बेटी-दामाद ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। मामला राजकोट के पदाधरी तालुका के तरघाडी गांव का है। यहां मजदूरी करने वाला शख्स अपनी बेटी और दामाद के साथ रहता था। अक्सर उनकी उपेक्षा को लेकर पिता और बेटी-दामाद के बीच झगड़े होते रहते थे। 30 जून को फिर से झगड़ा हुआ, इसके बाद बेटी खेता और दामाद गणपत अजनार ने अपने पिता हिम्मत सिंह की लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद, बेटी और दामाद ने पिता की हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
उन्होंने पहले शव को पानी से नहलाया और साफ करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंककर घर वापस चले आए। हालांकि, पुलिस को शव मिलने के बाद पहली नजर में ही शक हुआ कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या है। पुलिस ने अपनी लोकल इंटेलिजेंस टीम की मदद से मामले का खुलासा किया। पुलिस ने सबसे पहले मृतक के बेटे कांति दमोर का पता लगाकर उन्हें शख्स की तस्वीर दिखाई। बेटे ने पिता की पहचान कर बताया कि वे राजकोट में मजदूरी करते थे और अपनी बेटी-दामाद के साथ रहते थे। इसके बाद पुलिस ने बेटी और दामाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरू में दोनों टालमटोल करते रहे, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

