साबरकांठा : बारिश के मौसम के बीच जिले के रतनपुर में दीवार ढहने से उसके मलबे में तीन बच्चे दब गए। गंभीर रूप से घायल बच्चों को जब अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब एक लड़का और लड़की की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक साबरकांठा जिले की खेडब्रह्मा तहसील के रतनपुर गांव में अमरत भांडुबाई मकवाणा अपने परिवार के साथ रहते हैं।
अमरत मकवाणा के 9 वर्षीय बेटा रविन्द्र, 7 वर्षीय बेटी आशा और 4 वर्षीय दिलीप अपने घर के आंगन में खेल रहे थे।उस वक्त अचानक मिट्टी की दीवार ढहने से तीनों बच्चे दीवार के मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और मलबे से तीनों बच्चों को निकाला और अस्पताल के लिए रवाना हो गए। रविन्द्र को खेडब्रह्मा के अस्पताल ले जाया गया जबकि दिलीप और आशा को खेडब्रह्मा से वडाली ले जा रहे थे लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दिलीप और आशा ने दम तोड़ दिया। अमरत मकवाणा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

