नई दिल्ली। अहमदाबाद हादसे के बाद डीजीसीए ने विमानन सुरक्षा को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। डीजीसीए ने एअर इंडिया को डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट समेत अपने तीन अधिकारियों को चालक दल की समय-सारणी और रोस्टरिंग से संबंधित सभी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों से हटाने का आदेश दिया है। नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अपने आदेश में एअर इंडिया को इन अधिकारियों के खिलाफ अविलंब आंतरिक अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने को भी कहा। डीजीसीए के आदेश के अनुसार तीन अधिकारियों में एयरलाइन का एक डिवीजनल वाइस प्रेसिडेंट भी शामिल है। डीजीसीए ने एअर इंडिया से 10 दिन में रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
एकाउंटेबल मैनेजर को दिया कारण बताओ नोटिस – डीजीसीए (नागरिक विमानन महानिदेशालय) ने एअर इंडिया के एकाउंटेबल मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि एअर इंडिया के एकाउंटेबल मैनेजर ने 16 मई 2025 और 17 मई 2025 को बंगलूरू से लंदन (एएल133) के लिए दो उड़ानें संचालित कीं। जिनमें से दोनों ने 10 घंटे की निर्धारित उड़ान समय सीमा को पार कर लिया। डीजीसीए ने अधिकारी से सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा है कि उल्लंघन के लिए उचित प्रवर्तन कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए?

