HomeHaryana Newsहरियाणा में 90 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा में कल होगा मतदान,...

हरियाणा में 90 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा में कल होगा मतदान, आठ को आएंगे नतीजे

चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को मतदान होंगे। एक ही दिन सूबे की सभी 90 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। 8 अक्टूबर, मंगलवार को चुनाव के नतीजे भी एक दिन में ही आ जाएंगे। जिसके मद्देनजर हरियाणा प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगह-जगह नाकाबंदी की जाएगी। पुलिस टीम जगह-जगह तैनात होगी। पोलिंग बूथ पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी। चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा रहेगा। कुल मिलाकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव होंगे।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंकज अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1031 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहें है और मतदान के लिए 20,632 पोलिंग बूथ बनाएं गए है। प्रदेश में 5 अक्तूबर को सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। पंकज अग्रवाल ने बताया कि 2,03,54,350 मतदाताओं में 1,07,75,957 पुरूष, 95,77,926 महिलाएं और थर्ड जेंडर 467 मतदाता है। 18 से 19 आयु वर्ग के 5,24,514 युवा मतदाता है।

इसी प्रकार, 1,49,142 दिव्यांग मतदाता है। जिसमें से 93,545 पुरुष व 55,591 महिला व 6 थर्ड जेंडर मतदाता है।उन्होंने बताया 85 वर्ष से अधिक आयु के 2,31,093 मतदाता हैं। जिसमें से 89,940 पुरुष व 1,41,153 महिला मतदाता है। इसके अलावा, 100 वर्ष की आयु से अधिक के मतदाताओं की संख्या 8,821 है। जिसमें से 3,283 पुरुष व 5,538 महिला मतदाता है। इसके अतिरिक्त, 1,09,217 सर्विस मतदाता है। जिसमें से 1,04,426 पुरुष व 4791 महिला मतदाता है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आम चुनाव के लिए कुल 1031 उम्मीदवार है। जिसमें से 930 पुरूष व 101 महिलाएं उम्मीदवार चुनाव लड रही है। कुल उम्मीदवारों में से 464 निर्दलीय उम्मीदवार है।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती – पुलिस महानिदेशक के मुताबिक, अर्धसैनिक बलों की 49 कंपनियों समेत हिसार मंडल में 68 निरीक्षक 549 एनजीओ समेत 6587 पुलिस कर्मचारी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात रहेंगे। सीसीटीवी से जगह-जगह नजर रखी जाएगी। वहीं, बाहरी लोगों को 48 घंटे पहले चुनावी क्षेत्र छोडऩा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान वाले दिन बाहरी इलाकों से आने वाले लोगों से पूछताछ की जाएगी। उनकी तलाशी भी ली जाएगी। संतोषजनक जवाब देने पर ही एंट्री मिल सकेगी।

असमाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई – एडीजीपी ने हिसार मंडल के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि हिसार मंडल में तैना पेट्रोलिंग पार्टियों को हाई अलर्ट मोड में रखे व तीन, चार घंटे की प्रगति रिपोर्ट लेना सुनिश्चित करे। चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों पर सख्ती बनाए रखने के लिए सख्त हिदायत दी व खुफिया तंत्र को अधिक सक्रिय रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा अकसर असामाजिक तत्व झूठी अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। इस संबंध में सोशल मीडिया पर नजर बनाए रखने के लिए साइबर सैल को अलर्ट मोड में रखने के सख्त आदेश जारी हुए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments