HomeNational Newsकर्नाटक में राहुल गांधी ने मोदी पर जमकर साधा निशाना

कर्नाटक में राहुल गांधी ने मोदी पर जमकर साधा निशाना

बेंगलुरु। राहुल गांधी ने चुनावी जनसभा में कर्नाटक की सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया है। उन्होंने यहां पर कांग्रेस की 150 से अ‎धिक सीटें आने का दावा भी ‎किया है। राहुल गांधी रविवार को दो दिवसीय कर्नाटक के चुनावी दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए जमकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा के नेता, बसवन्ना के बारे में बोलते हैं, लेकिन उनकी शिक्षाओं का अनुसरण नहीं करते।

उन्होंने कर्नाटक में भाजपा की सरकार को देश में सबसे भ्रष्ट बताते हुए कहा ‎कि कर्नाटक में कुल 224 सीटों में से कांग्रेस को 150 सीट मिलेगी, जबकि भाजपा को सिर्फ 40 सीट ही मिल पाएगी। इससे पहले राहुल गांधी ने एक विशाल रोड शो किया और मार्ग के दोनों ओर उमड़ी उत्साही भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। गौरतलब है ‎कि कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। विशेष रूप से तैयार किये गये एक वाहन में खड़े होकर, गांधी सड़कों और आसपास की इमारतों में खड़े लोगों का हाथ हिलाकर लगातार अभिवादन कर रहे थे और उनमें से कई लोग ‘राहुल, राहुल के नारे लगा रहे थे। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रोड शो की शुरुआत की।

राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को ले जाने वाला वाहन शिवाजी सर्कल और कनकदासा सर्कल से होते हुए विभिन्न सड़कों से गुजरा और लोग कांग्रेस के झंडे लिए आगे बढ़ रहे थे। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के प्रचार अभियान समिति के प्रमुख एम. बी. पाटिल और पार्टी के कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता गांधी के साथ रोड शो में शामिल हुए। यहां 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को चुनाव तथा 13 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। यहां भाजपा और कांग्रेस की सत्ता के लिए कांटे की टक्कर हो रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments