देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 7 नवंबर से उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक में शासन व प्रशासन के अधिकारियों के अतिरिक्त एचएन बहुगुणा गढ़वाल विवि और गोविंद बल्लभ पंत कृषि विवि के कुलपति भी उपस्थित थे।
सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रपति 7 नवंबर को उत्तराखंड पहुंचेंगी। इसके बाद 8 नवंबर को श्रीनगर गढ़वाल और कुमाऊं दौरे कार्यक्रम भी है। नौ नवंबर को वह उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश संबंधितों को दिये हैं।