HomeHaryana Newsकांग्रेस ने हिमाचल को किया बर्बाद, हरियाणा में जनता देगी वोट की...

कांग्रेस ने हिमाचल को किया बर्बाद, हरियाणा में जनता देगी वोट की चोट से जवाब : पीएम मोदी

हिसार : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को हिसार में विशाल जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाई और इसके बाद कांग्रेस को निशाने पर रखा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं हरियाणा के विकास में योगदान देने वाली हर संतान को नमन करता हूँ। हरियाणा की माताओं बहनों ने म्हारा हरियाणा नॉनस्टॉप हरियाणा का नारा दिया है और आगे भी हरियाणा का विकास नॉनस्टॉप चलता ही रहेगा। हरियाणा की जनता तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए मन बना चुकी है। आज चारों तरफ सुनने को मिल रहा है कि च्भरोसा दिल से, भाजपा फिर से। जैसे जैसे वोटिंग की तारीख नजदीक आ रही है कांग्रेस बिल्कुल पस्त पड़ती जा रही है। कांग्रेस नेता अब कहने लगे हैं कि हरियाणा में भी वही हाल होगा जो मध्य प्रदेश में कांग्रेस का हुआ था। कांग्रेस ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में झूठ का गुब्बारा खूब फुलाया, लेकिन जनता ने वोट की चोट देकर उस गुब्बारे की हवा निकाल दी और अब हरियाणा में भी यही होने जा रहा है।

रैली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, कुलदीप बिश्नोई, डा. अशोक तंवर, सुनीता दुग्गल, श्रुति चौधरी, कमल गुप्ता, जेपी दलाल, कृष्ण वेदी, कैप्टन अभिमन्यु सहित अनेक विधानसभाओं के प्रत्याशी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को देश की सबसे धोखेबाज और बेईमान पार्टी बताया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश का हाल बिल्कुल बुरा कर दिया। चुनाव के दौरान कांग्रेस ने हिमाचल की जनता से कई झूठे वादे किए थे, लेकिन अब सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने अपने वादों से पल्ला झाड लिया है। जनता आज कांग्रेस से पूछ रही है क्या हुआ तेरा वादा वहीं कांग्रेस जनता से पूछ रही है तुम कौन मोदी ने कहा कि दिल्ली के शाही परिवार ने झूठ बोलकर हिमाचल के लोगों को फंसा दिया। आज हिमाचल में खुद के कर्मचारियों को वेतन देने के लिए सरकार के पास पैसे नहीं है। जहां कांग्रेस होती है वहाँ कभी भी स्थिरता नहीं आ सकती है, क्योंकि जो पार्टी अपने नेताओं के बीच एकता नहीं ला सकती वह राज्य में स्थिरता क्या लेकर आएगी।

बापू-बेटा बाकियों को निपटाने में लगें हैं, लेकिन जनता कांग्रेस को निपटाने में लगी है : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए मारा-मारी मची हुई है। हरियाणा कांग्रेस में तो बापू भी दावेदार है और बेटा भी दावेदार है, दोनों मिलकर बाकियों को निपटाने में लगे हुए हैं और यह सब देखकर हरियाणा के जागरूक नागरिक हरियाणा से कांग्रेस को निपटाने में जुट हैं हुए हैं। कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्होंने तन मन धन से दिल्ली के शाही परिवार की सेवा की है, लेकिन अब वे भी पूछ रहे हैं कि उनसे क्या गलती हुई? यहाँ कांग्रेस का हर गुट हर सीट पर एक दूसरे को पटखनी देने में लगा हुआ है। इस गुटबाजी के चलते कांग्रेस में दलितों और पिछड़ों के लिए दरवाजे बिल्कुल बंद हो गए हैं, क्योंकि कांग्रेस यह जानती है कि दलित उन्हे वोट नहीं देता, इसलिए वह पूरे दलित समाज से नफरत करती है।

कांग्रेस के राज में गोहाना में दलितों पर अत्याचार हुआ लेकिन कांग्रेस चुप रही, 2010 में मिर्चपुर कांड हुआ, यहां भी कांग्रेस चुप रही, दलित बेटियों के साथ अत्याचार हुआ, लेकिन कांग्रेस चुप रही और आज कांग्रेस का शाही परिवार कह रहा है कि वे दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दलितों पर जो अत्याचार किया है उसे दलित समाज कभी भी भूल नहीं सकता है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भाजपा सत्ता में सर्वसमाज की भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। हमारे मुख्यमंत्री नायब सैनी सभी को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हरियाणा में मुख्यमंत्री निवास का नाम कबीर कुटीर रखा गया है। हिसार में बने कबीर छात्रावास का फंड भी बढ़ाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। भाजपा सरकार जनता का सहारा बन उनके सपनों को उड़ान देती है। जिनको कोई नहीं पूछता मोदी उन्हें पूजता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मुद्रा योजना से हरियाणा के लाखों लोगों को बिना गारंटी के लोन मिले हैं।

मोदी ने रेहड़ी, पटरी, ठेले पर काम करने वाले अपने भाई बहन का भी ख्याल रखा है। कांग्रेस इतना बड़ा स्वार्थी दल है कि उसे वोट के अलावा कुछ नहीं दिखता। कांग्रेस ने किसानों को भी हमेशा वोटबैंक के रूप में ही देखा है, कांग्रेस ने हमेशा किसानों को पानी के लिए तरसाया है, वहीं भाजपा सभी की समस्याओं का समाधान कर रही है। हिसार में आ रही सेम की समस्या का समाधान करने के लिए भी सरकार बनने के बाद प्रयास किया जाएगा। कांग्रेस किसान हित के लिए बड़ी बड़ी बातें करती है, लेकिन आपको भूलना नहीं है कि हुड्डा की सरकार केवल 2 रुपए के मुआवजे वाली सरकार थी। मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार बिना मांगे देश के 10 करोड़ से ज्यादा किसानों को पीएम सम्मान निधि के तहत हर वर्ष 6 हजार रुपए देती है। कांग्रेस जवाब दें कि किसान हित की बड़ी बड़ी बातें करने वाली कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में क्यों अपनी योजनाएं लागू नहीं की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सैंकड़ों किसान आत्महत्या कर चुके हैं और सच्चाई यही है कि कांग्रेस देश के किसानों की जान की दुश्मन है। कांग्रेस ने एमएसपी पर भी जनता के बीच भ्रम फैलाया है, लेकिन सच्चाई यह है कि भाजपा ने सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लिया है जबकि कांग्रेस शासित राज्यों में 1-2 फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती हैं। इसलिए हरियाणा की जनता का भरोसा केवल भाजपा पर ही है। बीते एक दशक में भाजपा ने यहाँ विकास को नई गति दी है। चारों तरफ चौड़ी सड़कों का जाल बिछाया गया है, 5 वंदे भारत ट्रेन हरियाणा से चलती हैं, हिसार से रोहतक जाने के लिए हांसी-हिसार-रोहतक रेल लाइन शुरू कर दी गई है। हिसार में एयरपोर्ट बनने से यहाँ नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और तीसरी बार भाजपा सरकार बनने के बाद इसका कमर्शियल काम काज भी शुरू हो जाएगा।

अब किसान की उपज कम से कम समय में विदेश तक निर्यात करना संभव हो सकेगा। कांग्रेस ने युवा पीढ़ी के साथ भी दोहरा बर्ताव किया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के राज में खर्ची-पर्ची से ही सरकारी नौकरी मिलती थी तथा रिश्वत देने के लिए गरीब को खेत तक बेचने पड़ते थे, वहीं भाजपा ने बिना खर्ची पर्ची के नौकरियां दी हैं और यही बात आज कांग्रेस को अखर रही है। कांग्रेस की भर्ती रोको गैंग ने युवाओं की भर्ती पर रोक लगा दिया। इस चुनाव में कांग्रेस की भर्ती रोको गैंग को मुंह तोड़ जवाब देने का समय आ गया है। कांग्रेस केवल लूट खसोट ही नहीं करती बल्कि निर्लज्जता से उसका बचाव भी करती है। कांग्रेस के राज में केवल दलालों और दामाद का ही बोल बाला था। लेकिन अब जनता खुद कांग्रेस का कच्चा चि_ा बाहर निकाल रही है।

कांग्रेस धारा 370 वापस लाने वालों, पत्थरबाजों, बम-बंदूकों को हवा देने वालों और जवानों पर हमला करने वालों के साथ – नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोग हर घात हर घाव सह सकते हैं, लेकिन हरियाणा के लोग देश के खिलाफ कोई बात सहन नहीं कर सकते हैं। हरियाणा के लोग कट्टर देश भक्त हैं, देश की बात आने पर हरियाणा वाले सब कुछ भुलाकर एकजूट खड़े हो जाते हैं। आज की कांग्रेस अर्बन नक्सलियों के चंगुल में है। कांग्रेस के नेता विदेश में जा कर न केवल उन लोगों से मिलते हैं जो भारत के दुश्मन की भाषा बोलते हैं, बल्कि खुद भी भारत की छवि को खराब करने की कोशिश करते हैं। देश की जनता को कांग्रेस के झूठे वादों और इरादों से बहुत सावधान रहना है। कांग्रेस ने कहा है कि वह फिर से जम्मू कश्मीर में धारा 370 वापस लाना चाहती है, पत्थरबाजी और बम, बंदूकों को हवा देना चाहती है, जिन पत्थरबाज़ों ने जवानों को लहू लुहान किया है कांग्रेस ऐसे लोगों को जेल से रिहा करवाना चाहती है। ऐसी कांग्रेस को हरियाणा का किसान, नौजवान और माताएं बहनें बिल्कुल पसंद नहीं करती हैं।

जनता को भाजपा पर विश्वास है : नायब सैनी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हिसार की इस जनसभा में इतनी बड़ी संख्या में आए लोगों को देख कर पूर्ण विश्वास के साथ यह कह सकते हैं कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में तीसरी बार जीत कर इतिहास बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरा हरियाणा एक जोश के साथ आगे बढ़ा है। भाजपा द्वारा जारी किया गया संकल्प पत्र केवल एक घोषणा पत्र नहीं है, बल्कि हमारे यह भगवान का रूप है और हमारे लिए भगवान हरियाणा की 2 करोड़ 80 लाख जनता है। भाजपा सरकार द्वारा हरियाणा में माताओं बहनों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर मुहैया करवाया गया, 8 अक्टूबर के बाद प्रदेश की सभी माताओं बहनों को 2100 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे, एचकेआरएन के तहत लगे 1 लाख 20 हजार कर्मचारियों को पक्का किया जाएगा। हरियाणा की भाजपा सरकार ने निर्णय लिया है कि अग्निवीरों को पक्की सरकारी नौकरी दी जाएगी। जनता को भाजपा पर विश्वास है क्योंकि भाजपा जो कहती है वह पत्थर की लकीर के समान होती है वह बात कभी मिट नहीं सकती है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृढ़ संकल्प के परिणाम स्वरूप ही अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण पूरा हो पाया है और कश्मीर से धारा 370 को हटाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस काम को पूरी दुनिया असंभव मान रही थी उसे पूरा करने का कार्य आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments