HomeNational Newsकांग्रेस ने यात्रा का नाम बदला: अब होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

कांग्रेस ने यात्रा का नाम बदला: अब होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

नई दिल्ली । कांग्रेस ने 14 जनवरी से शुरू होने वाली भारत न्याय यात्रा का नाम बदल दिया है। अब इस यात्रा का नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगा। गुरुवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई पार्टी की बैठक में यह फैसला लिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की अध्यक्षता में हुई बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के सभी महासचिव, प्रदेश प्रभारी, कांग्रेस विधायक दल के नेता भी मौजूद रहे। बैठक में यात्रा की तैयारियों और लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। 6,713 किलोमीटर से अधिक की यात्रा बसों और पैदल तय की जाएगी। इसमें 110 जिले, लगभग 100 लोकसभा सीटें और 337 विधानसभा क्षेत्र शामिल होंगे।

खडग़े ने कहा कि मीटिंग का एजेंडा 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने और भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी करने से जुड़ा है। हमारे लिए दोनों की सफलता जरूरी है, हमें इसके लिए समय देना होगा। खडग़े ने कहा कि आप लोग पार्टी के आंख-कान हैं। अब हमारे पास सिर्फ तीन महीने हैं, इसमें रात दिन एक करके हमें एक टीम की तरह पार्टी के लिए जी जान से जुटे रहना है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं को आपसी मतभेद मीडिया में उठाने से बचने की सलाह दी।

योजनाओं के नाम बदल रही है सरकार – बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। खडग़े ने कहा कि पीएम आज तक मणिपुर नहीं गए, यह बताता है कि वे राष्ट्रीय सवालों पर कितनी गैर जिम्मेदारी से काम करते हैं। बीजेपी ने बीते 10 सालों में एक भी ऐसा काम नहीं किया, जिसे उपलब्धि माना जा सके। वे यूपीए-कांग्रेस के जमाने की योजनाओं का नाम और रूप बदलने का काम करते रहे हैं। सरकार पीएसयू और बड़ी संस्थाओं को बेच रही है। देश की लाइफलाइन रेलवे से लेकर हर संस्थान को तबाह किया है। आज सरकार ईडी, सीबीआई और आईटी जैसी संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है। दिसंबर 2023 में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने पार्टी में फेरबदल किया था। इसके बाद नव नियुक्त महासचिवों और राज्य प्रभारियों के साथ पार्टी नेतृत्व की यह पहली बैठक है। दिल्ली में होने वाली इस बैठक से पहले कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें की हैं, जिनमें चुनावी तैयारियों के लिए रणनीति बनाई गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments