नई दिल्ली। दिल्ली में ठंड और कोहरे का दौर जारी है मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जम्मू कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, यूपी, राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके चलते कहीं ऑरेंज तो कहीं येलो अलर्ट जारी किया है।आईएमडी के मुताबिक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले दो दिन तक शीत लहर और कोहरे की स्थिति रहेगी। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलग-अलग स्थानों में 3 और 4 जनवरी को घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई थी। वहीं उत्तर प्रदेश में भी जबरदस्त ठंड का दौर जारी है। विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है।
कई जगहों पर विजिबिलिटी घटकर 50-100 मीटर रह गई। यूपी में अति घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई थी। दिल्ली से सटे बहादुरगढ़ में भी विजिबिलिटी महज 10 मीटर रही। 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चलीं। वायु प्रदूषण का स्तर भी बेहद खराब रिकॉर्ड किया गया। एक्यूआई 300 पार पहुंच गया है। वहीं, दिल्ली एनसीआर में ठंड के कारण लोग परेशान हैं। सड़क पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। इसका असर हवाई और रेल सेवा पर भी पड़ा है। घने कोहरे से उड़ानों पर भी असर हुआ है। आवाजाही और प्रस्थान रोक दिया गया।
इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से उड़ने वाली 100 से ज्यादा उड़ाने देरी से रवाना हुईं। रनवे पर लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू कर विमानों की आवाजाही कराई गई। इससे कई विमानों का संचालन देरी से हुआ। दिल्ली-एनसीआर में भी घना कोहरा छाया रहा। गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम में भी शीतलहर चल रही है। तापमान लगातार नीचे आ रहा है। मौसम पूर्वानुमान में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने का संकेत दिया है। वहीं शनिवार सुबह बहादुरगढ़ का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।