करनाल : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में मंगलवार को करनाल में हजारों लोग भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। इसके साथ-साथ कांग्रेस नेता नरेंद्र सांगवान ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें पटका पहनाकर भाजपा में शामिल करवाया। इसके साथ-साथ अनेकों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा को ज्वाइन किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल में अलग-अलग जगह आधा दर्जन से अधिक कार्यक्रमों में शिरकत की और भाजपा मेयर प्रत्याशी रेनू बाला गुप्ता व भाजपा के पार्षद उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री नायब सैनी मंगलवार को करनाल में मेयर पद की भाजपा प्रत्याशी रेणु बाला के समर्थन में करनाल के मेरठ रोड स्थित डिवाइन हाल, सैक्टर 9 में पंजाबी भवन,राजीव पुरम,इब्राहिम मंडी एवं चार खंबा चौंक पर जनसभाएं की।
मुख्यमंत्री ने इन जनसभाओं में कहा कि इन सभाओं में उमड़ी भीड़ को देखकर मे दावे के साथ कह सकता हूं कि इस बार करनाल में सभी 21 कमल खिलेंगे जिनमें से दो कमल तो आपने बिना चुनाव लडे खिला दिए जिसके लिए आप बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा करनाल में भी ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और यहां किसी भी प्रकार की समस्या नहीं रहने दी जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने होटल डिवैंचर में अनूप भारद्वाज द्वारा आयोजित कश्यप समाज की सभा को भी सम्बोधित किया और उन्होंने इस मौके पर कश्यप समाज को आश्वासन दिया कि आपके समाज के सभी काम प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने इन जनसभाओं में अपने सम्बोधन में कहा कि सरकार तीन गुना तेज गति से काम करेगी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं को धरातल की जानकारी नहीं है। कांग्रेस नेता कमरों में बैठकर सिर्फ ट्वीट करते हैं।
कांग्रेस अब ट्वीट की पार्टी बनकर रह गई है। जनसभा के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। इस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा ज्वाइन की है, इनमें से कोई नेता 30 साल से तो कोई 40 साल से कांग्रेस की सेवा कर रहा था। लेकिन कांग्रेस की कारगुजारियों से तंग आकर ये नेता भाजपा का कमल थाम रहे हैं। इससे साफ हो गया है कि कांग्रेस की जड़ें बिल्कुल हिल चुकी हैं। अब कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा। इस निकाय चुनाव में भी कांग्रेस दिल्ली की तरह हरियाणा निकाय चुनाव में भी जीरो पर आउट होने वाली है।
इनके लिए मांगा समर्थन – मुख्यमंत्री ने इन जनसभाओं मे वार्ड 8 व वार्ड 11 से निर्विरोध चुने गए पार्षदों के लिए वार्ड वासियों को बधाई देते हुए करनाल नगर निगम के मेयर प्रत्याशी रेणु बाला के अतिरिक्त वार्ड नंबर 1 से सुदेश रानी, वार्ड 2 से बेबी,वार्ड 3 से राजेश कुमार, वार्ड 4 से भूपेंद्र नौतना, वार्ड 5 से सुभाष चंद, वार्ड 6 से रजनी प्रोचा, वार्ड 7 से जोगिंदर शर्मा, वार्ड 9 से सुजाता अरोड़ा, वार्ड 10 से पायल अरोड़ा, वार्ड 12 से मोनिक गर्ग, वार्ड 13 से अमित आहुजा, वार्ड 14 से अमृत लाल जोशी, वार्ड 15 से कंचन वर्मा, वार्ड 16 से रानी, वार्ड 17 से ममता देवी, वार्ड 18 से हरजीत सिंह लाडी, वार्ड 19 से राजेश अग्घी एवं वार्ड 20 से सुधीर यादव के लिए समर्थन मांगा।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, इंद्री विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप,करनाल विधायक जगमोहन आनंद, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल ने भी सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा की सरकार बनने पर ट्रिपल इंजन की सरकार प्रदेश में तीन गुना गति से कार्य करेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि आगामी 2 मार्च को नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की मेयर प्रत्याशी रेनू बाला गुप्ता व भाजपा के सभी प्रत्याशियों को 1-1 वोट देकर विजयी बनाए और कमल खिलाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भाईचारा खराब करने का कार्य किया है। 2014 से पहले करनाल शहर की क्या स्थिति थी, इस बात का अंदाजा करनालवासी आसानी से लगा सकते हैं और आज करनाल में तेज गति से विकास कार्य हो रहे हैं।
देशभर में नॉन स्टॉप बन रही भाजपा की सरकार – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देशभर में नॉन स्टॉप भाजपा की सरकार बन रही है। हाल ही में दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसी तरह आने वाले नगर निकाय चुनाव में न केवल करनाल बल्कि जिन-जिन जिलों में चुनाव हो रहे हैं, वहां भाजपा उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन काल में हरियाणा ने विकास के रास्ते पर तरक्की की है। आज बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं।
संकल्प पत्र के एक-एक वायदे को करेंगे पूरा – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 100 दिन में संकल्प पत्र के 18 वायदों को पूरा किया है जबकि 10 वायदों पर कार्य चल रहा है, जो पाईपलाइन में हैं। संकल्प पत्र में 240 वायदे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं हरियाणा की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि संकल्प पत्र के एक-एक वायदे को पूरा किया जाएगा। हरियाणा विकास की राह पर और तेज गति से आगे बढ़ेगा और पीएम नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार करेगा।
करनाल आज भी सीएम सिटी – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि करनाल पहले भी सीएम सिटी था और आज भी सीएम सिटी है। मैं भले ही आज करनाल से विधायक नहीं हूं लेकिन मैं यहां का विधायक रहा हूं। आज भी करनाल उनके दिल के नजदीक है। करनाल के विकास में कोई कमी न पहले आने दी गई थी और न आगे आने दी जाएगी।
जनता के लिए 24 घंटे तत्पर: विधायक जगमोहन आनंद – करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का करनाल में पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आपने और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने जो सीख दी थी, उस पर चलते हुए कार्य कर रहा हूं। जनता के लिए और उनके कार्यों के लिए 24 घंटे तत्पर हूं और आगे भी रहूंगा। इसका रिपोर्ट कार्ड जनता से ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल को अपना दिल कहा है। आज भी करनाल को सीएम सिटी जितना मान-सम्मान मिल रहा है। जनता ने जो विश्वसास उन पर जताया है, उस पर आगे भी खरा उतरता रहूंगा। कार्यक्रमों के दौरान पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, अशोक भंडारी, भगवान दास अग्घी,अशोक खुराना, सुनील गोयल,संजय बठला,तिरलोचन सिंह ,भारत भूषण कपूर, प्रवेश गाबा, सुनील बिंदल, रानी काम्बोज, चारों मंडलों के मंडल अध्यक्ष नवीन बत्रा, मोहन लोधी, गौरव खुराना, मोहित सचदेवा,सुभाष कश्यप व अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।