पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम गलती से दो बार इधर-उधर हो गए। अब हम हमेशा साथ रहेंगे और बिहार के साथ देश का विकास करेंगे। पटना में एक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार की जनता ने हमें 24 नवंबर 2005 से काम करने का मौका दिया। हम लगातार बिहार के विकास को लेकर सभी क्षेत्रों और वर्गों के लिए काम करते रहे हैं। 2005 से पहले बिहार की स्थिति बहुत खराब थी। लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलने से डरते थे। अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था नहीं थी, सड़कें जर्जर थीं।
शिक्षा की स्थिति अच्छी नहीं थी। अक्सर हिंदू-मुस्लिम के बीच विवाद की खबरें आती थीं। जब बिहार ने हमें काम करने का मौका दिया, तो बिहार की स्थिति बदल गई। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ। इससे पहले बिहार की सियासत में एक बार फिर सत्ता परिवर्तन को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। इस बार भी सबकी नजरें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर थीं। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा थी कि खरमास खत्म होते ही बिहार की राजनीति में कोई बड़ा मोड़ आ सकता है। हालांकि, इन कयासों के बीच खुद नीतीश कुमार अब फ्रंट लाइन पर आए और उन्होंने स्पष्ट रूप से सबकुछ साफ कर दिया।