नई दिल्ली। बदलते मौसम में गर्मी की आहट शुरू होते ही बारिश दस्तक दे चुकी है। दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में हुई हल्की बरसात से तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिन तक बारिश का सिलसिला रुकने वाला नहीं है। शनिवार-रविवार को पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी ऐसा ही मौसम रहने वाला है। तेज हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 30-40 किमी प्रति घंटे तक होगी। गरज के साथ वर्षा और बिजली गिरने का अनुमान है। सिक्किम, राजस्थान और बिहार का हाल भी कुछ ऐसा ही रहेगा जहां आज व कल हल्की बारिश हो सकती है।
कश्मीर में कई स्थानों पर शुक्रवार को ताजा हिमपात हुआ। मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम में रातभर हिमपात हुआ। उन्होंने बताया कि अनंतनाग, जोजिला दर्रा, बनिहाल, साधना दर्रा, कुपवाड़ा के माछिल और बांदीपोरा के राजदान दर्रे में भी हिमपात दर्ज किया गया। श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में रातभर रुक-रुक कर बारिश हुई।
मौसम विभाग ने कहा कि 22-24 फरवरी तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, लेकिन बादल छाए रहने की संभावना है। 25-28 फरवरी के दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या हिमपात हो सकता है जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक, 22 और 23 फरवरी को ओडिशा में गरज के साथ छिटपुट से लेकर तेज वर्षा होगी। इस दौरान 40-60 किमी प्रति घंटे की गति हवाएं चलेंगी और बिजली गिरने की भी आशंका है।