नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त को चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हो रहे कथित हमले का जिक्र किया है। आप संयोजक ने अपनी चिट्ठी में चुनाव आयोग से चार मांगे की हैं। उल्लेखनीय है कि रिठाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक व आप प्रत्याशी महेंद्र गोयल ने प्रचार के दौरान उन पर हमला कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आप ने कहा कि भाजपा हार के डर से गुंडागर्दी पर उतर आई है। विधायक और आप प्रत्याशी महेंद्र गोयल पर इसीलिए भाजपा के लोगों ने हमला कराया है। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल व सीएम आतिशी सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने शनिवार घटना का वीडियो एक्स पर पोस्ट किया।एक्स पर केजरीवाल ने लिखा कि अपनी हार से डरी भाजपा अब आप प्रत्याशियों की जान लेने पर उतर आई है। इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं। मनीष सिसोदिया ने एक्स पर लिखा कि हार से बौखलाई भाजपा अब आप नेताओं की हत्या करवाने पर उतारू है। सीएम आतिशी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा, भाजपा अपनी तय हार से बौखलाहट में आप नेताओं पर जानलेवा हमले करवा रही है।
केजरीवाल ने रखी ये मांगें
चुनाव आयोग आम आदमी पार्टी वॉलेंटियर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
नई विधानसभा में इंडिपेंड इलेक्शन ऑब्जर्वर नियुक्त किये जाएं।
ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार पुलिसवाले तुरंत सस्पेंड किया जाए।