अंबाला : सिटी महावीर पार्क की झील में आज दो लड़कियां डूब गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत लड़कियों को बाहर निकालने के लिए चुन्नियों और कपड़ों को बांधकर रस्सी बनाई लेकिन झील में गाद जमी होने के कारण लड़कियों को निकालने में काफी समस्या आई। जिसके बाद वहां मौजूद कुछ युवक झील में उतरे और दोनों लड़कियों को बाहर निकाला। जिसके बाद दोनों लड़कियों को लोगों ने सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया। इतने में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों लड़कियों को अपनी गाड़ी में डालकर सिटी सिविल अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों युवतियांं शहर के एक कंप्यूटर सेंटर में कोर्स कर रही थी और 11 बजे सेंटर से निकली थी। एक युवती की पहचान सिटी शिवपुरी (गीतानगरी) की रहने वाली अंजलि पुत्री रमेश और दूसरी की पहचान पंजाब बसौली की रहने वाली जसमीन कौर पुत्री बलविंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। वहीं इस हादसे के बाद सिटी पार्क को बंद कर दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि अभी जांच की जा रही है। वहीं युवतियों के परिजनों का कहना था कि दोनों ही युवतियां पढ़ाई में काफी होशियार थी। उन्होंने बताया कि दोनों तय समय पर संस्थान में पहुंचती थी।

