नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को घाना की राजधानी अकरा के लिए रवाना हुए, जिससे उनकी पांच देशों की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा की शुरुआत हुई। यह दौरा भारत की वैश्विक कूटनीति को नई दिशा देने और ग्लोबल साउथ तथा अटलांटिक के दोनों किनारों पर साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की इस यात्रा में घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया का दौरा शामिल है। उन्होंने इन सभी देशों को भारत की विदेश नीति के लिए अहम साझेदार बताया है, जिनसे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और बहुपक्षीय सहयोग के गहरे रिश्ते जुड़े हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने रवाना होने से पहले अपने बयान में कहा कि वह घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा के निमंत्रण पर 2 और 3 जुलाई को घाना का दौरा करेंगे। उन्होंने घाना को ग्लोबल साउथ में एक मूल्यवान साझेदार बताया, जो अफ्रीकी संघ और पश्चिम अफ्रीकी राज्यों के आर्थिक समुदाय (इकोवास) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और विकास साझेदारी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने की उम्मीद जताई और कहा कि घाना की संसद को संबोधित करना उनके लिए सम्मान की बात होगी।
इसके बाद प्रधानमंत्री 3 और 4 जुलाई को त्रिनिदाद और टोबैगो जाएंगे। उन्होंने इस देश को भारत के साथ गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों से जुड़ा बताया। पीएम मोदी ने उल्लेख किया कि भारतीय समुदाय लगभग 180 साल पहले पहली बार वहां पहुंचा था और यह दौरा पुश्तैनी रिश्तों को नया जीवन देने का अवसर होगा। उन्होंने राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला परसाद-बिसेसर से मुलाकात का भी कार्यक्रम तय किया है।

