HomeNational News मुंबई-पुणे में बारिश से हाल हुआ बेहाल: स्कूल-कॉलेज बंद, पांच लोगों की...

 मुंबई-पुणे में बारिश से हाल हुआ बेहाल: स्कूल-कॉलेज बंद, पांच लोगों की मौत

मुंबई। मुंबई, ठाणे और पुणे में बुधवार दोपहर से हो रही मूसलाधार बारिश से सभी का हाल बेहाल हो गया है। बीती रात हुई बारिश में कई लोग फंस गए। बारिश उस वक्त हुई जब लोग ऑफिस से घर जा रहे थे लेकिन लोग बारिश के कारण रास्ते में ही फंस गए। वहीं बारिश से यातायात भी प्रभावित हुआ है। लोकल ट्रेनों की स्पीड थम गई। इस बीच भारी बारिश और अलर्ट के बाद स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। बीती रात बारिश में कुल 5 लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं दो लोगों की आसमानी बिजली गिरने से मौत हुई है।

उधर मायानगरी मुंबई में भारी बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं है। जलभराव से सड़कों पर वाहन धीमी गति से चल रहे हैं। बारिश का आलम यह है कि मौसम के मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने गुरुवार को स्कूल और कॉलेज में छुट्टी घोषत कर दिया है। वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने बारिश को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने मुंबई में भारी बारिश के कारण स्कूल कॉलेज में छुट्टी घोषित कर दिया है। इसके बाद मुंबई महानगरपालिका ने आदेश जारी करते हुए कहा, छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मनपा के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्कूल और कॉलेज गुरुवार को बंद रहेंगे।

उधर मुंबई पुलिस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्वीट कर कहा, मुंबईवासियों से अनुरोध है कि वो जरूरी होने पर ही घर निकलें। कृपया सुरक्षित रहें। किसी भी आपात स्थिति में 100 नंबर डायल करें। वहीं मौसम विभाग ने अपनी चेतावनी में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर आसमानी बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने पालघर और सिंधुदुर्ग के तटीय जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें गरज-चमक के साथ भारी से अधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही बिजली चमकने और अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा चलने की भी संभावना है।

 हवाई उड़ान पर भी असर – भारी बारिश और तेज हवा के चलते हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ा है। कई फ्लाइट को डायवर्ट किया गया है। मुंबई हवाई अड्‌डे पर स्पाइसजेट, इंडिगो और विस्तारा की उड़ानें प्रभावित हुईं हैं। कंपनियों ने मौसम के बदले मिजाज से प्रभावित हुई उड़ानों की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।

 पुणे में भी स्कूल-कॉलेज बंद – वहीं मौसम विभाग ने पुणे जिले के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में जिला कलेक्टर डॉक्टर सुहास दिवासे ने गुरुवार को पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में सभी स्कूलों और कॉलेजों के लिए सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

स्कूल कॉलेज बंद करने का निर्णय – मौसम विभाग की चेतावनी के बाद गुरुवार को मुंबई ,ठाणे, नवी मुंबई, मीरा-भायंदर, कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, अंबरनाथ, बदलापुर, वसई-विरार, पालघर, पिंपरी चिंचवड़, पुणे इन तमाम इलाकों में स्कूल कॉलेज बंद करने का निर्णय लिया गया है। रेड अलर्ट अभी भी जारी है ऐसे में भारी बारिश का अनुमान है। लोगो को एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।

 जरूरी हो तभी घर से निकलें- मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा है कि जब तक जरूरी न हो घर से बाहर न निकलें घर के अंदर ही रहें। किसी भी आपात स्थिति और सहायता के लिए डायल 100 पर कॉल करें। वहीं उपमुख्य मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments