HomeHaryana Newsअब हरियाणा का किसान अन्नदाता के साथ-साथ ईंधन दाता भी बनेगा :...

अब हरियाणा का किसान अन्नदाता के साथ-साथ ईंधन दाता भी बनेगा : नितिन गड़करी

कुरूक्षेत्र : केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने थानेसर से भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा के समर्थन में में एक जनसभा और लाड़वा विधानसभा से प्रत्याशी एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी के समर्थन में बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित किया। नितिन गड़करी ने जनता से सुभाष सुधा और मुख्यमंत्री नायब सैनी को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील की। नितिन गड़करी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य किसानों को अन्नदाता के साथ-साथ ईंधन दाता बनाना है। किसान, मजदूर, गरीब, गांव को समृद्ध और खुशहाल बनाना है। यहां  गड़करी ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा दिया और गरीबी अपने चेले चपाटों और चमचों की हटाई। उन्होंने कहा कि लोगों की गरीबी हटी नहीं पर कांग्रेस के लोग मालोमाल हो गए। नितिन गड़करी ने कहा कि हरियाणा और पंजाब हमारे लिए अनाज का भंडार है। किसानों के परिश्रम से जितने गेहूं और चावल प्रति एकड़ हरियाणा और पंजाब में पैदा होते हैं, उतने देश में कहीं नहीं होते, लेकिन यहां पर पराली जलाने की बड़ी समस्या है।

उन्होंने किसानों से अनुरोध करते हुए कहा कि आप लोग पराली ना जलाएं। उन्होंने कहा कि पराली अब किसानों के लिए समृद्धि का कारण बनने जा रही है। नई टैक्नोलॉजी आई है करीब 400 प्लांट देश में चल रहे हैं। 60 प्लांट पंजाब और हरियाणा में हैं। पराली से बॉयो सीएनजी, बॉयो एलएनजी तैयार हो रही है। पानीपत में इंडियन ऑयल ने बहुत बड़ा प्लांट बनाया है जहां पर एकलाख लीटर ईंधन तैयार हो रहा है। नितिन गड़करी ने कहा कि पहले किसान अन्नदाता कहे जाते थे, हमारी सरकार ने अब ऊर्जा दाता बना दिया है। कुरूक्षेत्र जिला में जितनी बिजली खर्च होती है उतनी बिजली हमारी चार मिले तैयार कर रही हैं। पिछले साल 1200 रुपये प्रति क्विंटल किसानों की मक्का की फसल बिकती थी। हमने मक्का से बॉयो इथेनाल बनाने की शुरूआत की अब मक्का 2648 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य किसानों को समृद्ध करना है और किसान समृद्ध हो भी रहे हैं। नितिन गड़करी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बॉयो फ्यूल का अलांयस किया है।

अब दुनिया में हवाई जहाज इसी फ्यूल से उड़ेंगे, प्रदूषण खत्म होगा, लोगों को काम मिलेगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नितिन गड़करी ने कहा कि कांग्रेस ने 65 साल राज किया है, लेकिन कांग्रेस ने कभी सही नीति नहीं बनाई। 65 सालों में जो विकास करना चाहिए था कांग्रेस की सरकारों ने नहीं किया। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण गांवों की 30 प्रतिशत आबादी शहरों की ओर पलायन कर गई। शहरों में झुग्गी-झोपडिय़ां बढ़ गई। गांव में किसान आत्महत्या करने लगे। नितिन गड़करी ने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब, मजदूर, किसानों के कल्याण के लिए नीतियां बनाई बनाई। कांग्रेस के समय ऐसे हालात थे कि गेहूं सस्ता और बिस्कुट महंगा, फल सस्ता और जूस महंगा हो गया। लेकिन अब सरकार एक्सपेंडिचर कास्ट को कम करने की दिशा में काम कर रही है। भाजपा सरकार का फोकस लागत कम और मुनाफा ज्यादा करने पर है।

दिल्ली से चडीगढ़, दिल्ली से जयपुर चलेंगी 135 सीटर बसें – नितिन गड़करी ने कहा कि दुनिया बदल रही है, ट्रांसपोर्ट के सेक्टर में इलेक्ट्रिनिक बसें, कारें, स्कूटर आए हैं। अब सरकार दिल्ली से चडीगढ़, दिल्ली से जयपुर हाइवे हाईवे बना रही है जिस पर 135 सीटर की बसें चलेंगी और किराया भी डीजल की बसों से 30 प्रतिशत कम होगा और ये बसें वातानुकूलित होंगी। हवाई जहाज में जैसे एयर होस्टेज होती हैं उसी तरह बस में भी बस होस्टेज रहेंगी।

आत्मनिर्भर भारत और गांवों को भी स्मार्ट और विकसित बनाएंगे – नितिन गड़करी ने कहा कि देश बदल रहा है, देश का भविष्य भी बदल रहा है। भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनामी बनने जा रहे हैं। भाजपा आत्मनिर्भर भारत और गांवों को भी स्मार्ट और विकसित बनाना चाहती है। उन्होंने कहा दलितों, शोषितों, वंचितों का उत्थान ही हमारा लक्ष्य है। हम दरिद्र नारायण को भगवान मानते हैं, निरंतर उनकी सेवा में तत्पर है। अंत्योदय ही हमारा उद्देश्य है। थानेसर रैली में जिला अध्यक्ष सुशील राणा, थानेसर प्रभारी रविन्द्र सांगवान, संयोजक धर्मपाल चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आत्म प्रकाश मनचंदा, प्रदेश सचिव राहुल राणा,मीडिया प्रमुख शैलेश वत्स चेयरमैन धर्मवीर डागर आदि मौजूद रहे। लाड़वा में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में राघव लखनपाल, प्रदीप चौधरी, सुशील राणा, धर्मवीर मिर्जापुर, साक्षी खुराना, डॉ गणेश दत्त, दुर्गेश गोयल, प्रदीप गर्ग, योगराज, डॉ अशोक मिगलानी, डॉक्टर योगेंद्र कश्यप, रणवीर सिंह एडवोकेट, विक्रम सिंह, सुखबीर सिंह सहित समाज के प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments