यमुनानगर : भाजपा द्वारा साढौरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव मारवा स्थित निजी पैलेस में भाजपा उम्मीदवार चौधरी बलवंत सिंह के समर्थन में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री स्टार प्रचारक केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दावा किया कि हरियाणा प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस जनता को बहकाने का काम कर रही है। भाजपा के स्टार प्रचारक केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा का इतिहास रहा है जिसकी केंद्र में सरकार होती है उसी की राज्य में सरकार बनती है तीसरी बार भी हरियाणा प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
इस दौरान उन्होंने भाजपा साढौरा विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट की अपील की। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल से भाजपा की सरकार रही है। इससे कांग्रेस में हताशा है। केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस की हताशा का अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि वह अपना सीएम चेहरा तक नहीं अनाउंस कर पा रहे हैं। हरियाणा की जनता ने मन बना लिया है कि भारतीय जनता पार्टी से सुरक्षित और सुकून कहीं भी नहीं है इसलिए प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका, मार्केट कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विपिन सिंगला, सुमन बाहमणी व कुसम शेरवाल मौजूद रहे।