नई दिल्ली । टीडीपी प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आज सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनो नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है पर माना जा रहा है कि नायडू ने केन्द्र से राज्य के लिए सहायता मांगी है। टीडीपी प्रमुख ने भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में ये मुलाकात अहम मानी जा रही है। नायडू दो दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात की है।
इसके अलावा वह परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मिले। माना जा रहा है कि वह गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे। इसका कारण है कि 2014 में राज्य के विभाजन और तेलंगाना बनने के बाद आंध्र को आर्थिक और अन्य कई क्षेत्रों में परेशानी का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अब नायडू का लक्ष्य राज्य का विकास करने के लिए सभी संसाधन जुटाना है।