नई दिल्ली : पंजाब और हरियाणा भी शीत लहर की चपेट में है। दोनों राज्यों के कई शहरों में तापमान सामान्य से भी कम दर्ज किया गया है। हालांकि कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोहरे और ठंड की दोहरी मार देखने को मिली। दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाकों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी न के बराबर है जिसके अगले कुछ दिनों तक इसी प्रकार बने रहने के संकेत हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सफदरजंग में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किये जाने से इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही।
दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार की सुबह 7 डिग्री सेल्सियस तापमान देखा गया। इसके अलावा, मध्यम कोहरा रनवे पर छाया रहा। कोहरे के कारण 104 उड़ानें प्रभावित तथा 24 अंतर्राष्ट्रीय विमान प्रस्थान में देरी हुई। 32 घरेलू उड़ानों में देरी हुई और 6 रद्द की गईं। वहीं 16 अंतरराष्ट्रीय विमान और 26 घरेलू विमान आगमन में देरी हुई।वहीं कई ट्रेनों के दिल्ली पहुंचने में विलंब हुआ, जिसमें मुंबई सीएसएमटी-अमृतसर एक्सप्रेस भी शामिल है, जो राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने में 4 घंटे की देरी से चल रही है। अन्य देरी से चलने वाली ट्रेनों में दक्षिण एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, खजुराहो-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा स्वराज एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस और नई दिल्ली इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस भी देरी से चल रही हैं।
मौसम विभाग ने शनिवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। दिल्ली में शनिवार, 13 जनवरी को सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहने और घना कोहरा छाए रहने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए आज और कल सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अभी कुछ दिनों तक सुबह और शाम कोहरे की मार जारी रहेगा। दिल्ली में आज इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह हुई है।