चंडीगढ़ : पंजाब में फिर से एक बार मौसम ने यू-टर्न लिया है, पंजाब में कल से ठंडी हवाओं से चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसके कारण तापमान में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंड भी महसूस हो रही है। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण पंजाब में भी तापमान में गिरावट आई है और यहां ठंडी हवाएं चल रही हैं। बीते दिनों में चुभने और जलाने वाली गर्मी पड़ रही थी, कई जिलों में तापमान 30 के आसपास पाया गया था। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा तथा तापमान में और गिरावट आएगी।
भारतीय मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है। इसके साथ ही आज राज्य में कई जगहों पर तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।हालांकि तापमान फिर से बदलेगा और लोगों को फिर से गर्मी का सामना करना पड़ेगा। पिछले 24 घंटों में पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 5.7 डिग्री की गिरावट आई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान गुरदासपुर में दर्ज किया गया, जहां पारा 36 डिग्री तक पहुंच गया। अमृतसर 12.4 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा शहर रहा।